गीत में फिर प्रीत की निर्बाध मादकता मिला दो | शब्द की तृष्णा बुझा दो, भाव की मदिरा पिला दो |
Wednesday, June 17, 2015
Wednesday, March 25, 2015
प्रश्न
आज फिर कुछ तप्त-लोहित प्रश्न
मेरे सामने हैं
और ये अंगार मुझको कर-तलों में
थामने हैं
प्रश्न - मैं क्यों जी रहा हूँ ? क्या
बचाना चाहता हूँ?
रक्त सा क्या पी रहा हूँ? क्या मिटाना चाहता हूँ ?
ज़िन्दगी सन्यास जैसी; क्या
छिपाना चाहता हूँ ?
कल्पना मधुमास जैसी ? क्या
दिखाना चाहता हूँ?
संस्कृति के गीत गाता; पल
रहा प्रतिशोध कैसा?
कंठ में गाँठें लगाता ? एक
सतत विरोध कैसा?
काइयाँपन खून में है? बेहया
मुस्कान मुख पर !
सभ्यता पतलून में है ? शराफत की शान मुख पर !
फोन पर रिश्ते निभाता; क्रांति
के उपदेश घर पर;
प्यार पर कविता सुनाता ? और
दफ़्तर - सिर्फ "यस सर" ?
भीड़ का हो चुका जीवन; नौकरी क्यों कर रहा हूँ ?
भीड़ से भयभीत है मन ? रोज़
घुट-घुट मर रहा हूँ ?
कुछ नहीं अपनी खबर है; मोह
है परिवार से भी;
खो न जाँऊ, मगर, डर है ? ऊबता इस भार से भी?
भटकता भ्रम के धुएं में? मुक्ति
की दरकार भी है;
या कि मेंढक सा कुएं में? बन्धनों
से प्यार भी है ?
कवच में खुद को लपेटे? वृद्ध
संयम जूझता, फिर उलझता
किसी कछुए सा समेटे ? है
जटिलता में,
संशयों के सूत्र सारे पकड़ रख
काम ने हैं..........
आज फिर……...
-- आशुतोष द्विवेदी
Monday, November 3, 2014
अनुप्रास अलंकार का प्रयोग
कुंदन की कांति काढ़ि काया करी कामिनी की,
कोमल, कुलीन, कल्पनामयी कुमारी की ।
कोई कहे केकी, कोई कोकिला, कमल कोई,
कोई कहे कामना कृतार्थ कामनारी की ।
कोई कहे काव्य, कोई कला का कलाप कहे,
कंठ-कंठ कूजित कीरति किलकारी की ।
कोटि-कोटि काम कृत-कल्प करें क्रोध किन्तु,
काट कहाँ कुटिल कटाक्ष की कटारी की !
-- आशुतोष द्विवेदी
Monday, October 20, 2014
Thursday, September 25, 2014
घनाक्षरी
(१)
आज आयी मेरी याद, उसे बरसों के बाद, चित्त ने कहा प्रसाद बन चढ़ने को आज |
सब सुध-बुध खोई, अब रोके नहीं कोई, अश्रु-मणियाँ पिरोयीं माल गढ़ने को आज |
ऐसा लगता है प्यार, कस कमर तैयार, छोड़ पीछे ये संसार आगे बढ़ने को आज |
शब्दों ने मचाया शोर, बहे रस पोर-पोर, गए भाव झकझोर छंद पढने को आज |
(२)
तुम्हें सूझती ठिठोली, मेरी जान जा रही है, यूँ न खेल करो, ऐसे अंगड़ाइयाँ न लो |
कोई मर जाएगा तो क्या मिलेगा तुम्हें बोलो! बिन बात सर अपने बुराइयाँ न लो |
मेरी महफिलें छूटीं तुम्हें याद करने में, अब मुझसे ये मेरी तनहाइयाँ न लो |
कहीं का तो प्रिये छोड़ो, चाहे जोड़ो, चाहे तोड़ो, पल में ही उम्र भर की कमाइयाँ न लो |
(३)
क्वार की ये क्वारी-क्वारी धूप लगती है भारी, प्यारी तेरे प्यार की खुमारी नहीं जाती है |
सुबह की बेकरारी, शाम की उमंग सारी, चित्त की अटारी से उतारी नहीं जाती है |
तेरी कारी-कजरारी अँखियों की सेंधमारी, ऐसी है बिमारी कि सुधारी नहीं जाती है |
कुछ भी हो सुकुमारी, मौसम की बलिहारी, तेरी याद से हमारी यारी नहीं जाती है |
(४)
कुछ मुस्कुराहटों से, दर्द भारी आहटों से, यूँ पिरोया हुआ जिंदगी का हार ले लिया |
थोड़े फूल चुन लिए, थोड़ी रौशनी मिला ली, थोड़ा सा प्रथम प्यार का खुमार ले लिया |
कभी हलके हुए तो फिक्र अपनी भी नहीं और कभी सारी दुनिया का भार ले लिया |
छंद कहना न छूटा , लाख समय ने लूटा, शब्द कम पड़ गए तो उधार ले लिया |

Subscribe to:
Posts (Atom)